उम्रकैदी राम रहीम को गुपचुप तरीके से मिली पैरोल!
उम्रकैदी राम रहीम को गुपचुप तरीके से मिली पैरोल!
300 जवानों के घेरे में पहुंचाया गया रोहतक से गुरुग्राम
रोहतक: रेप और हत्या के जुर्म में उम्रकैद की सजा काट रहे हरियाणा के डेरा सच्चा सौदा के मुखिया गुरमीत राम रहीम को बीते दिनों एक दिन की पैरोल दी गई थी। जानकारी के अनुसार राम रहीम को 24 अक्टूबर को ही पैरोल दी गई थी, यह सूचना अब बाहर आ पाई है।
डेरा प्रमुख राम रहीम को रेप और हत्या मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उम्र कैद के लिए रोहतक की जेल भेज दिया गया था। सूत्रों का कहना है कि राम रहीम गुरुगाम के एक अस्पताल में भर्ती अपनी बीमार मां से मिलने के लिए एक दिन का पैरोल मांगी थी।
बताया जाता है कि हरियाणा में सीएम मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली बीजेपी-जेजेपी की गठबंधन सरकार ने 24 अक्टूबर को राम रहीम को पैरोल दिलाया। सूत्रों का दावा है कि राम रहीम को कड़ी सुरक्षा में रोहतक जेल से गुरुग्राम लाया गया, लेकिन सीएम और कुछ अधिकारियों के अतिरिक्त सुरक्षा में लगे जवानों तक को इसकी भनक नहीं थी।
सूत्रों का कहना है कि डेरा प्रमुख को सुनारिया जेल से गुरुग्राम अस्पताल तक भारी सुरक्षा के बीच ले जाया गया। राम रहीम 24 अक्टूबर को शाम तक अपनी बीमार मां के साथ रहे। इस दौरान उनके साथ हरियाणा पुलिस की तीन टुकड़ियां तैनात रहीं। एक टुकड़ी में 80 से 100 जवान थे। डेरा प्रमुख को जेल से पुलिस की एक गाड़ी में लाया गया। रोहतक पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था का निवेदन मिला था, जो 24 अक्टूबर को सुबह से लेकर शाम तक उपलब्ध कराई गई थी। डेरा प्रमुख को जेल से पुलिस की एक पर्दे लगी गाड़ी में लाया गया। गुरुग्राम में पुलिस ने अस्पताल के बेसमेंट में गाड़ी पार्क की और जिस फ्लोर में डेरा प्रमुख की मां का इलाज चल रहा था, उसे पूरा खाली करा दिया गया।
इससे पहले भी राम रहीम को पैरोल देने की बातें सामने आई थी, हालांकि तब सरकार ने इंकार कर दिया था, लेकिन इसके तरीके पर सवाल उठ रहे हैं।
रोहतक एसपी राहुल शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जेल सुपरिंटेंडेंट से राम रहीम के गुरुग्राम दौरे के लिए सुरक्षा व्यवस्था का निवेदन मिला था। हमने 24 अक्टूबर को सुबह से लेकर शाम ढलने तक सुरक्षा उपलब्ध कराई थी। सब कुछ शांति से हुआ।
______
Comments
Post a Comment