New year पर शिमला में नहीं होगी बर्फबारी, रहेगा मौसम साफ

शिमला (धारा न्यूज़): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नए साल की पूर्व संध्या व नव वर्ष के पहले दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। यानी कि पर्यटकों को इस बार नए साल पर बर्फबारी का दीदार नहीं हो सकेगा।
शिमला में हर साल नव वर्ष मनाने पर्यटकों का सैलाब उमड़ता है। कोरोना के चलते इस बार होटलों में नए साल पर पार्टियों व जश्न कार्यक्रमों पर रोक है। इसके बावजूद अधिकतर होटलों में नव वर्ष तक सैलानियों ने एडवांस बुकिंग करवाई हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने शनिवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव आएगा। इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी व मैदानों में बारिश होने का अनुमान है। 27 व 28 दिसम्बर को शिमला, कुल्लू, चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति इत्यादि पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। वहीं तमाम मैदानी भागों में गरज के साथ बारिश होगी। उच्च पर्वतीय इलाकों में 29 दिसम्बर को भी बर्फबारी होने का अनुमान है, जबकि पर्वतीय व मैदानी हिस्सों में मौसम खुल जाएगा। 30 दिसम्बर से एक जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। मैदानी क्षेत्रों हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर सहित कांगड़ा व मंडी जिलों के मैदानी भागों में 29 व 30 दिसम्बर को घरा कोहरा छाने व शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। शनिवार को राज्य के छह शहरों का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलंग सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान -11.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गाय। इसके अलावा कल्पा में -1 डिग्री, भुंतर व मंडी में -1 डिग्री, सुंदरनगर में -0.6 डिग्री, -0.2 डिग्री, चंबा में 0.7 डिग्री, कांगड़ा में 1.5 डिग्री, बिलासपुर व उना में 2 डिग्री, हमीरपुर में 2.2 डिग्री, धर्मशाला में 2.4 डिग्री, कुफरी में 2.9 डिग्री, पालमपुर में 3 डिग्री, डल्हौजी में 6 डिग्री, शिमला में 7 डिग्री और नाहन में 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
चंडीगढ़ में अभी और बढ़ेगी ठंड
पंजाब व राजधानी चंडीगढ़ के अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट जारी है। शनिवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम था, इससे पहले शुक्रवार को तापमान 21 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था। वहीं शहर का अधितकम तापमान, सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी, इसलिए खिली धूप को देखकर इसे हल्के में न लें, गर्म कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलें।
रविवार को बारिश का पूर्वानुमान
उन्होंने बताया कि रविवार को दिनभर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की भी संभावना बन रही है। शहर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 06 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं 28 दिसंबर को भी बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।
-----
Comments
Post a Comment