किसान आंदोलन के पीछे CAA-NRC विरोधियों का षड्यंत्र: स्वतंत्र देव

लखनऊ। किसानों के आन्दोलन के पीछे सीएए (CAA) और एनआरसी (NRC) के खिलाफ आन्दोलन में लगी ताकतें ही षडयंत्र कर रही हैं। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह का। newsdaily24.news.blog से बातचीत में उन्होंने वर्तमान हालात पर बेबाक विचार व्यक्त किए।
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि किसान आन्दोलन के पीछे नक्सलवादी, कम्युनिस्ट और माओवादी शक्तियां लगी हैं, जो किसानों में भ्रम फैलाकर उन्हें गुमराह कर रही हैं। नक्सलवादी, कम्युनिस्ट और माओवादी शक्तियां हमेशा देश के खिलाफ रहती हैं और इन आन्दोलन के पीछे भी उन्हीं की साजिश है।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कृषि सुधार कानून पूरी तरह से किसानों के हित में हैं। छह माह पहले कृषि सुधार कानून पास हो चुका है, लेकिन जब-जब चुनाव नजदीक आते हैं, विपक्षी राजनीतिक दल इस तरह के आन्दोलन खड़ा करते हैं। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, सपा और बसपा किसानों को गुमराह करने का काम कर रहे है। आन्दोलन में लगी विरोधी ताकतों ने कभी किसानों के हित को नहीं देखा, बल्कि हमेशा किसानों को लूटा है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग हाथरस कांड में थे, वही लोग किसान आन्दोलन को भी हवा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि सुधार कानून को कई किसान संगठनों ने समर्थन भी दिया है। सरकार समस्या का समाधान करने के लिए हर स्तर पर किसानों से बातचीत को तैयार है। केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल और पीएम मोदी भी किसानों की समस्या के समाधान को लेकर हर स्तर पर बातचीत करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
-----
Comments
Post a Comment