उत्तर भारत के कई हिस्सों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड

नई दिल्ली। उत्तर भारत समेत देश के अन्य हिस्सों में ठंड और कोहरे ने सितम ढाना शुरू कर दिया है। कहीं-कहीं तो पारा जमाव बिंदु के बेहद करीब पहुंच रहा है। इस बीच मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर भारत के कुछ राज्यों में अगले दो दिन कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार व्यक्त किए हैं। इसके साथ ही दक्षिण के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका जताई है।

वहीं पश्चिमी हिमालय से आ रहीं बर्फीली हवाओं से दिल्ली में ठंड बढ़ गई है। हाड़ कंपा देने वाली शीत लहर की वजह से मंगलवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। नैनीताल की बात करें तो वहां न्यूनतम तापमान 5 और देहरादून में 8 डिग्री रहा। इस तरह दिल्ली में इन पर्वतीय शहरों से भी ज्यादा ठंड रही। वहीं राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा।
उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर बहुत हल्की बारिश भी हुई, जबकि हरियाणा और पंजाब में तापमान सामान्य से नीचे चला गया। हरियाणा में, हिसार का न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे चला गया, जहां तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जबकि करनाल में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि, दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के मुकाबले तीन डिग्री अधिक है, जबकि शहर का दिन का तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के केलांग और कल्पा में पिछले 24 घंटों में शुष्क मौसम के बावजूद शून्य डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से बहने वाली बर्फीली हवाओं ने मंगलवार को दिल्ली का पारा 4.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे ला दिया, जो इस मौसम में अब तक का शहर का न्यूनतम तापमान है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा, ‘अधिकतम तापमान भी गिरकर 18.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे है। शहर में तापमान के आंकड़े उपलब्ध कराने वाली सफदरजंग वेधशाला के मुताबिक मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम था। जाफरपुर में तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया’।
मौसम विभाग ने कहा, ‘आयानगर और लोधी रोड मौसम केन्द्रों में न्यूनतम तापमान क्रमश: चार डिग्री और 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले साल दिसंबर के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया था’
-------
Comments
Post a Comment