MP में शराब कारोबारी से मिली विकास को 'मदद!

शराब कारोबारी ने की 'सरेंडर' में मदद! 

खुलते जा रहे विकास दुबे के राज 
Sanjay Saxena 
लखनऊ। कानपुर के बिकरू गांव में 8 पुलिसकर्मियों की बेरहमी से हत्या करने के दोषी हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे ने उज्जैन के एक शराब कारोबारी की मदद से वहां (उज्जैन) कथित सरेंडर किया था। 
सूत्रों के अनुसार इस शराब कारोबारी की मध्य प्रदेश में काफी करीबी राजनीतिक संपर्क हैं। शराब कारोबारी का यह संपर्क विकास से भी जुड़ा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि विकास दुबे को उज्जैन में एक बुलेटप्रूफ जैकेट भी मुहैया कराई गई थी। हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। 

बेनामी संपत्तियों की होगी जांच 
इस बीच विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद अब उसकी नामी और बेनामी सभी चल-अचल संपत्तियों की जांच की जाएगी। यूपी पुलिस विकास और उसके सहयोगियों की लिस्ट प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को सौंपेगी।
दुर्दांत क्रिमिनल विकास दुबे की सभी संपत्तियों की जांच ईडी करेगी।

मददगारों की ओर घूमी रडार 
अब यूपी पुलिस उसके मददगारों और अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। विकास के गुर्गों को शरण देने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। पुलिस अब उन लोगों को दबोचने में जुट गई है, जिन्होंने एनकाउंटर से पहले कानपुर के बिकरू गांव से विकास के भागने और पनाह देने में मदद की थी।
दो जुलाई की घटना के बाद पूरे राज्य में हाई अलर्ट कर दिया गया था। खासतौर से दूसरे राज्यों के सीमावर्ती जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया था। बावजूद इसके विकास दुबे तीन बार नोएडा गया और पुलिस उसे पकड़ नहीं पाई। विकास ने रास्ते में हुई पूछताछ के दौरान बताया कि दो जुलाई के बाद वह दो दिन तक कानपुर देहात के शिवली में अपने करीबी के घर रुका था। फिर वहां से फरीदाबाद जाना तय किया। उसने एक निजी गाड़ी का इंतजाम किया और नोएडा के रास्ते फरीदाबाद गया।

कई पुलिसवालों को दे रखे थे प्लॉट
एनकाउंटर से पहले उज्जैन से कानपुर लाने के दौरान विकास ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए थे। एसटीएफ की पूछताछ में सामने आया कि विकास दुबे ने अपनी आवासीय योजना में कई पुलिसवालों को सस्ते दामों में प्लॉट दे रखे थे। उसने यह भी बताया कि कुछ पुलिसकर्मियों को महीने में रकम भी पहुंचवाता था। एसटीएफ इन पुलिसकर्मियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। 
------
सौजन्य से-

Comments

Popular posts from this blog

अब नोएडा में भी मेहमानों की लिस्ट हुई छोटी

अर्नब गोस्वामी को अंतरिम जमानत

पटाखों पर प्रतिबंध से निराश व्यापारियों की गुहार